उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा दिनांक 14 मार्च 2026 को आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा में पहली पाली के प्रश्नपत्र को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। कई अभ्यर्थियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रश्नों की सटीकता और उत्पत्ति को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इस पर बोर्ड ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह से सुरक्षित और गोपनीय तरीके से संचालित की जाती है।
भर्ती बोर्ड ने कहा ये
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्र स्वयं बोर्ड द्वारा स्थानीय स्तर पर तैयार नहीं किए जाते हैं। बल्कि, यह कार्य पूरी तरह से अतिगोपनीय संस्थाओं के माध्यम से कराया जाता है ताकि परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र की गोपनीयता बनी रहे। बोर्ड ने यह भी बताया कि इस प्रक्रिया में किसी अधिकारी या कर्मचारी को प्रश्नपत्र का पूर्वावलोकन नहीं करने दिया जाता।

प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेटों को केवल परीक्षा केंद्रों पर ही खोला जाता है, और यह काम दो अभ्यर्थियों की उपस्थिति में किया जाता है। उसके बाद ही प्रश्नपत्र कक्षों में वितरित किया जाता है। इस तरह, पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाती है।
बोर्ड ने दिनांक 14 मार्च 2026 की प्रथम पाली के संदर्भित प्रश्न के संबंध में जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद यदि किसी प्रकार का दोष पाया गया, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अफवाहों पर भरोसा न करें और आधिकारिक जानकारी ही देखें।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा ये
परीक्षा नियंत्रक ने यह भी जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड का मुख्य उद्देश्य हमेशा निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। इस प्रक्रिया के तहत हर अभ्यर्थी को समान अवसर और निष्पक्ष परीक्षा वातावरण प्रदान किया जाता है।