रात्रि गश्त के दौरान सड़क हादसा: अलीगढ़ में दारोगा की इलाज के दौरान मौत

Share This

 

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में सड़क दुर्घटना में एक दारोगा की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार देर रात सोमना-खैर मार्ग पर गांव करनपुर के पास हुआ, जब ड्यूटी पर गश्त कर रहे दारोगा की बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दारोगा ने शनिवार तड़के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ये है मामला 

मृतक दारोगा की पहचान 56 वर्षीय चंद्रहास पुत्र महावीर सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद बागपत के थाना बनौली क्षेत्र के गांव गढ़ीदुल्ला के रहने वाले थे। वर्ष 1994 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए चंद्रहास वर्तमान में थाना गभाना में दारोगा के पद पर तैनात थे।

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात वह पीआरडी जवान जयप्रकाश, निवासी चांदनेर, के साथ बाइक से सोमना-खैर रोड पर रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव करनपुर पेट्रोल पंप के पास खैर की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

आज सुबह हुई मृत्यु

घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद पीआरडी जवान जयप्रकाश को छुट्टी दे दी गई, जबकि दारोगा चंद्रहास की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शनिवार तड़के उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *