UP SI Exam 2026: 15.75 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा कल से, सुरक्षा में यूपी पुलिस-STF सतर्क

Share This

 

उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। शनिवार और रविवार को होने वाली इस बड़ी परीक्षा से पहले उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने निगरानी बढ़ा दी है। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा दोनों दिन दो-दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।

एसटीएफ भी अलर्ट

भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को विशेष रूप से अलर्ट मोड में रखा गया है। सोशल मीडिया से लेकर परीक्षा केंद्रों तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि पेपर लीक या किसी तरह की ठगी जैसी घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के डीआईजी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के मुताबिक इस भर्ती के लिए कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। यह परीक्षा कुल 4,543 पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी भाग लेंगे।

परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हर केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी के लिए उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फिंगरप्रिंट और रेटिना स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है, जबकि परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी होगी। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्याप्त पुलिस बल तथा लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से त्रिस्तरीय लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।

भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवार केवल अपना एडमिट कार्ड, आधार कार्ड या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और नीले या काले रंग का बॉल पेन ही साथ ला सकेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, मेटा ग्लासेज़ या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

30 मिनट पहले बंद होंगे गेट

इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद कर दिए जाएंगे। जिन अभ्यर्थियों के आधार विवरण में किसी प्रकार का मिसमैच होगा, उन्हें सत्यापन के लिए परीक्षा समय से करीब ढाई घंटे पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।

कल से शुरू होने जा रही इस बड़ी भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस, प्रशासन और भर्ती बोर्ड की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *