उत्तर प्रदेश में आगामी पर्व-त्योहारों, पुलिस भर्ती परीक्षा और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएं।
सीएम ने कहा ये
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की समाज-विरोधी गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कहीं भी नई परंपरा शुरू करने की अनुमति न दी जाए और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में लगभग 15.75 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, ऐसे में जिलों में प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पीआरवी-112 की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर रखी जाए निगरानी
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अफवाह फैलाने या परीक्षा को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि समन्वय और सतर्कता के साथ काम करते हुए त्योहारों और परीक्षा दोनों को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।