उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली, जहां एक पुलिसकर्मी ने ड्यूटी पर पहुंचने से पहले ही अपनी सूझबूझ और साहस से कई जिंदगियां बचा लीं।
ये था मामला
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:15 बजे दिबियापुर की ओर से आ रही एक टाटा टियागो कार अचानक संतुलन खो बैठी और नाले में गिर गई। कार में पानी भरने लगा और उसमें सवार लोगों की जान पर बन आई। इसी दौरान पीछे से आ रहे मीडिया सेल में तैनात आरक्षी विष्णु चौधरी, जो अपनी ड्यूटी के लिए ककोर की ओर जा रहे थे, की नजर इस हादसे पर पड़ी। हालात की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना एक पल गंवाए तत्काल कार्रवाई की।
आरक्षी विष्णु चौधरी ने पहले आसपास मौजूद राहगीरों को आवाज देकर मदद के लिए बुलाया और फिर खुद नाले में उतरकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। लोगों की मदद से उन्होंने कार सवार सभी व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
लोगों ने किया धन्यवाद
कार में चालक मोनिका कटियार पत्नी राहुल कटियार, उनके पति राहुल कटियार, सात वर्षीय बेटी अनाया और एक वर्षीय बेटी इवांका सवार थे। सौभाग्य से इस हादसे में किसी को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। बाद में क्षतिग्रस्त कार को हाइड्रा मशीन की मदद से नाले से बाहर निकलवाया गया। परिवार ने उन्होंने आरक्षी विष्णु चौधरी के साहस, तत्परता और मानवीय संवेदना की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।