पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों और चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है। विषम परिस्थितियों, लंबी ड्यूटी और जोखिम भरे माहौल में काम करने वाले पुलिसकर्मी तभी अपना दायित्व पूरी निष्ठा से निभा सकते हैं, जब उन्हें अपने परिवारों की चिंता न सताए। परिवार की सुरक्षा, शिक्षा और भविष्य को लेकर निश्चिंतता पुलिसकर्मियों के मनोबल को मजबूत करती है।
डीजीपी ने कहा ये
डीजीपी राजीव कृष्ण ने वामा सारथी संस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन पुलिस परिवारों के सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वामा सारथी द्वारा चलाए जा रहे कौशल विकास कार्यक्रम पुलिस परिवारों के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इससे न केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से भी राहत मिलेगी।
क्या है ये संस्था
डीजीपी ने यह भी कहा कि वामा सारथी संस्था केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दे रही है। बच्चों की शिक्षा, महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवारों की समग्र भलाई के लिए किए जा रहे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि वामा सारथी और कौशल विकास मिशन के बीच हुआ यह सहयोग पुलिस परिवारों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। अंत में डीजीपी राजीव कृष्ण ने संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, वालंटियर्स और सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से पुलिस बल और अधिक मजबूत तथा संवेदनशील बनेगा।