इंटरपोल में उत्कृष्ट योगदान पर यूपी पुलिस के IG को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

Share This

अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर अपना गौरव बढ़ाया है। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण द्वारा किरण एस., पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ रेंज को इंटरपोल में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंटरपोल (लियोन, फ्रांस) में प्रतिनियुक्ति के दौरान अंतरराष्ट्रीय अपराध जांच, सदस्य देशों के साथ प्रभावी समन्वय और वैश्विक सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

मोरक्को में हुआ था एलान

किरण एस. को इंटरपोल की ओर से प्रतिष्ठित INTERPOL Medal of Excellence का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इस सम्मान की घोषणा 24 से 27 नवंबर 2025 के बीच मोरक्को के माराकेच शहर में आयोजित इंटरपोल महासभा के 93वें सत्र में की गई थी। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत स्तर पर, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस और भारतीय पुलिस व्यवस्था के लिए भी गर्व का विषय मानी जा रही है।

इंटरपोल में अपने कार्यकाल के दौरान किरण एस. ने सीमा पार अपराधों, संगठित अपराध, साइबर अपराध और अंतरराष्ट्रीय वांछित अपराधियों से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न सदस्य देशों की पुलिस एजेंसियों के साथ प्रभावी सूचना साझा करने, जांच में समन्वय स्थापित करने और वैश्विक सुरक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने में सक्रिय योगदान दिया। उनके प्रयासों से कई जटिल अंतरराष्ट्रीय मामलों में जांच को गति मिली और सहयोग की नई मिसाल कायम हुई।

डीजीपी ने कहा ये

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है और इससे प्रदेश पुलिस के अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने किरण एस. को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी दक्षता, पेशेवर प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *