यूपी पुलिस सिपाही भर्ती 2025 के लिए परीक्षा शेड्यूल जारी, 8 से 10 जून तक होगा एग्जाम

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत लिखित परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा जारी विज्ञप्ति/सूचना संख्या पीआरपीबी-बी (आरक्षी पीएसी एवं अन्य संवर्ग)-07/2025 दिनांक 31-12-2025 के अनुसार यह लिखित परीक्षा 8 जून 2026 (सोमवार), 9 जून 2026 (मंगलवार) और 10 जून 2026 (बुधवार) को आयोजित की जाएगी।

दो पालियों में होगी संपन्न

बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह परीक्षा तीनों दिनों में दो-दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। इस व्यवस्था के तहत बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा और परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा। भर्ती से जुड़े लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह सूचना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि लंबे समय से परीक्षा तिथियों का इंतजार किया जा रहा था।

यह भर्ती अभियान आरक्षी नागरिक पुलिस, पीएसी और अन्य समकक्ष पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित किया जा रहा है। लिखित परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का पहला और अहम चरण है। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया जैसे दस्तावेज सत्यापन और अन्य आवश्यक चरणों से गुजरना होगा।

बेवसाइट की सूचना पर करें भरोसा

परीक्षा केंद्र, शिफ्ट टाइमिंग, एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि और अन्य विस्तृत जानकारी समय-समय पर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध सूचना पर ही भरोसा करें।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी इस सूचना के बाद अभ्यर्थियों में तैयारी को लेकर एक बार फिर तेजी आ गई है। अब उम्मीदवारों को निर्धारित तिथियों के अनुसार अपनी परीक्षा की रणनीति बनाकर तैयारी में जुट जाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *