बुलंदशहर में शनिवार रात को कोतवाली देहात और गुलावठी थाना पुलिस के बीच बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में मेरठ जनपद निवासी जुबैर उर्फ पीटर उर्फ आजाद (35) ढेर हो गया, जो 50 हजार रुपये का इनामी था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक बाइक, पिस्टल और कारतूस बरामद किए, जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश और एक पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां बदमाश को मृत घोषित कर दिया गया।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाना कोतवाली देहात की टीम स्याना रोड जसनावली में चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार दो बदमाशों ने रुकने का इशारा न मानते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की और तेजी से भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और गुलावठी थाना पुलिस भी मदद के लिए पहुंची। दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसमें जुबैर घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ।
मेरठ का निवासी था बदमाश
मारे गए बदमाश की पहचान जुबैर के रूप में हुई, जो मेरठ के श्यामनगर इलाके का निवासी था। पुलिस ने बताया कि मारे गए लुटेरे के खिलाफ बिजनौर, मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद, हापुड़, आंबेडकरनगर, जौनपुर, दिल्ली और उत्तराखंड के कई थानों समेत 47 मुकदमे दर्ज हैं
पिछले महीने, जुबैर और उसके साथियों ने कोतवाली देहात इलाके में एक व्यक्ति से लूटपाट की थी। इसके अलावा, अक्टूबर में गुलावठी थाना क्षेत्र में बकरा फार्म से चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। डीआईजी मेरठ ने जुबैर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कांबिंग कर रही है और फरार साथी को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।