विवेचना से लौट रहे पुलिसकर्मी की कार हिंडन में समाई, हेड कांस्टेबल की मौत

Share This

 

मंगलवार की भोर में मेरठ–बागपत सीमा पर हिंडन नदी का पुल एक दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। थाना जानी क्षेत्र में बागपत–मेरठ हाईवे से गुजर रही एक कार अचानक नियंत्रण से बाहर हुई और देखते ही देखते पुल से नीचे नदी में समा गई। समय करीब सुबह चार बजे का बताया जा रहा है।

हादसा इतना अचानक था कि कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। करीब 25 फीट नीचे गिरते ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में कुल पांच लोग मौजूद थे। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दो लोगों की सांसें थम चुकी थीं।

ये है मामला 

जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में बुलंदशहर निवासी हेड कांस्टेबल राहुल और बसौद गांव के रहने वाले अजरू उर्फ अजरुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। कार में मौजूद तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है।

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार पुलिसकर्मी किसी मामले की जांच पूरी कर लौट रहे थे। वापसी के दौरान यह हादसा कैसे हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ पाया है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिवारों में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। अंधेरे और ठंड के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को नदी से बाहर निकाला गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *