उत्तर प्रदेश पुलिस में जल्द होगी 79 निरीक्षकों की पदोन्नति, बनाए जाएंगे DSP

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में पदोन्नतियों का सिलसिला लगातार जारी है। हाल ही में पीपीएस (प्रांतीय पुलिस सेवा) संवर्ग के 21 अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग में प्रोन्नति दिए जाने के बाद अब 79 निरीक्षकों को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर पदोन्नत किए जाने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

पिछले महीने हुई थी बैठक

जानकारी के अनुसार, विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक पिछले माह संपन्न हुई थी, जिसमें 79 निरीक्षकों के नामों पर विचार किया गया था। इन निरीक्षकों में आम्र्स पुलिस और नागरिक पुलिस दोनों के अधिकारी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, समिति ने अधिकांश नामों को मंजूरी दे दी है और उन्हें पीपीएस संवर्ग में प्रोन्नति देने की सैद्धांतिक सहमति दे दी गई है।

हालांकि, कुछ निरीक्षकों के सेवा रिकॉर्ड या अन्य कारणों से लिफाफे बंद रखे गए हैं, जिन पर अंतिम निर्णय अभी लंबित है। अंतिम प्रोन्नति आदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वीकृति के बाद गृह विभाग द्वारा जारी किए जाएंगे।

दो साल पहले भी लिया गया था फैसला

गौरतलब है कि लगभग दो वर्ष पूर्व भी 117 निरीक्षकों को पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया था। वहीं हाल ही में 21 पीपीएस अधिकारियों को आइपीएस संवर्ग में शामिल कर नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।

इस प्रक्रिया से साफ है कि यूपी पुलिस प्रशासनिक स्तर पर अपने ढांचे को मज़बूत करने की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है, जिससे न केवल कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि अधिकारियों को करियर ग्रोथ के बेहतर अवसर भी मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *