उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे के अधिकारियों के लिए पदोन्नति की प्रक्रिया के तहत आज उपाधीक्षक (DSP) से अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस दौरान 19 नामों पर सहमति मिल गई है।
इस बैच के अफसर शामिल
जानकारी के मुताबिक, इस डीपीसी में कुल 29 पुलिस उपाधीक्षकों की सेवा फाइलें समीक्षा के लिए प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 19 अधिकारियों का चयन आगामी पदोन्नति के लिए सफलतापूर्वक किया गया। चयनित अधिकारियों में 2006, 2007, 2008, 2009 और 2010 बैच के पुलिस उपाधीक्षक शामिल हैं।
इन मानकों पर किया गया फैसला
डीपीसी बैठक में संबंधित सेवा रिकॉर्ड, पात्रता, कार्य निष्पादन और विभागीय शुचिता जैसे सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शिता के साथ निर्णय लिया गया। यह पदोन्नति न केवल चयनित अधिकारियों के लिए करियर ग्रोथ का अवसर है, बल्कि यह पुलिस बल की कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को भी नई दिशा प्रदान करेगी।
पदोन्नति प्रक्रिया में चयनित सभी अधिकारियों को शीघ्र ही औपचारिक आदेश जारी कर उनकी नई तैनाती दी जाएगी। उच्च अधिकारियों ने चयनित पुलिस उपाधीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई है कि वे नई जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाएंगे।