उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सामने आए एक मामले ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवती ने पहले अपने पड़ोसी युवक पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद वह शिकायत लेकर कोतवाली नगर पहुंची।
ये है मामला
युवती का आरोप है कि शिकायत के बाद उसे राहत मिलने के बजाय हालात और बिगड़ गए। उसका कहना है कि थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने जांच के बहाने उससे निजी बातचीत शुरू कर दी और सोशल मीडिया के ज़रिए संपर्क साधने लगा। युवती के मुताबिक उसे अकेले मिलने के लिए भी दबाव बनाया गया, जिससे वह मानसिक रूप से और अधिक परेशान हो गई।
मामले से आहत युवती ने उच्च पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग में तुरंत कार्रवाई की गई। आरोपी हेड कांस्टेबल कुलदीप राठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यही नहीं, युवती की तहरीर पर पड़ोसी युवक के साथ-साथ हेड कांस्टेबल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शंकर प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने साफ कहा कि दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
युवती ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद युवती ने सवाल उठाया है कि जब न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचने पर भी उत्पीड़न का सामना करना पड़े, तो पीड़ित आखिर जाए तो कहां जाए। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।