बाराबंकी में महिला पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता और तत्परता का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने इंसानियत पर भरोसा और मजबूत कर दिया। सड़क पर प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला की सूचना मिलते ही थाना बदूपुर क्षेत्र की मिशन शक्ति केंद्र की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची।
सुरक्षित रहे जच्चा और बच्चा
महिला की हालत को देखते हुए तुरंत डॉक्टर की सहायता ली गई और सभी जरूरी सावधानियों के साथ सड़क किनारे ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने न केवल चिकित्सकीय निर्देशों का पालन किया, बल्कि गर्भवती महिला को मानसिक संबल भी दिया।
प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों को प्राथमिक देखभाल उपलब्ध कराई गई। महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बाद में एंबुलेंस के जरिए जच्चा-बच्चा को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
लोगों ने की सराहना
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की सजगता, मानवीय सोच और कर्तव्यनिष्ठा साफ दिखाई दी। मिशन शक्ति अभियान के तहत बाराबंकी पुलिस द्वारा किया गया यह कार्य न केवल कानून व्यवस्था, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी सशक्त उदाहरण बन गया।