गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां ड्यूटी पर जा रही एक महिला सिपाही को ट्रक ने कुचल दिया। हादसा लाल कुआं के पास एनएच-9 के सर्विस रोड पर हुआ। मृतक सिपाही की पहचान अनुराधा के रूप में हुई है, जो वर्ष 2011 बैच की सिपाही थीं और वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाने में तैनात थीं।
ये है मामला
अनुराधा मूल रूप से मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के हरिया खेड़ा गांव की रहने वाली थीं। वह गाजियाबाद के गोविंदपुरम में अपनी मां और दो बच्चों के साथ रहती थीं। उनके पति गौतम पुंडीर एक इंजीनियर हैं। अनुराधा रोज़ाना स्कूटी से गोविंदपुरम से दादरी थाने (लगभग 51 किलोमीटर) ड्यूटी पर जाती थीं।
हादसे से कुछ घंटे पहले ही अनुराधा ने रात की ड्यूटी पूरी की थी और सुबह सात बजे घर लौटी थीं लेकिन थाने से फिर फोन आने पर उन्हें दोबारा 11 बजे तक रिपोर्ट करने को कहा गया। वह सुबह 10 बजे स्कूटी से निकली थीं कि लाल कुआं के पास ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रक के दोनों पहिये उनके ऊपर से गुजर गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्कूटी सड़क किनारे गिर गई, लेकिन क्षतिग्रस्त नहीं हुई।
परिजनों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे वाली जगह पर अक्सर जलभराव रहता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को बीच सड़क पर चलना पड़ता है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। परिजनों ने सवाल उठाए हैं कि रातभर ड्यूटी करने के बाद उन्हें सुबह दोबारा क्यों बुलाया गया। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मुकदमा दर्ज किया गया है।