सहारनपुर में एनकाउंटर: 1 लाख का इनामी बदमाश शहजाद ढेर, 44 मुकदमों का था आरोपी

Share This

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को एनकाउंटर में मार गिराया। मारे गए बदमाश की पहचान शहजाद के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। वह फतेहपुर थाना क्षेत्र के गंदेवड़ा गांव का निवासी था और कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था।

ये है मामला 

पुलिस के मुताबिक, देर रात चेकिंग के दौरान शहजाद की लोकेशन मिलने पर उसे घेरने की कोशिश की गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें शहजाद घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि शहजाद एक शातिर और पेशेवर अपराधी था, जिस पर गौकशी समेत कई संगीन आरोप थे। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल 44 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

दो सिपाही घायल

इस मुठभेड़ के दौरान दो सिपाही भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

सहारनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि शहजाद लंबे समय से फरार चल रहा था और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *