बिहार के ईनामी अपराधी को UP Police ने किया गिरफ्तार

Share This

गोरखपुर में गुरुवार तड़के पुलिस और गौ-तस्करी के एक आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। खोराबार थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश पप्पू शाह को पुलिस ने घायल अवस्था में पकड़ लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

ऐसे हुई मुठभेड़ 

पुलिस के मुताबिक, पप्पू शाह बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है और लंबे समय से गौ-तस्करी के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गौ-हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। फरारी के चलते पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई गुरुवार भोर में की गई। गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश बनस्पति माता मंदिर तिराहे की ओर आने वाला है। टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की तो एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर की बाइक पर आता दिखा। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।

मौके से पुलिस ने एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। उसके खिलाफ अब एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है जिसमें आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराएं शामिल हैं।

कुल 16 पुलिसकर्मी रहे शामिल

इस मुठभेड़ में उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मौर्या, अनूप कुमार, कृष्णचंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव, मंजीत खरवार सहित कुल 16 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *