मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के मीरापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को हुई मुठभेड़ में पुलिस ने कुख्यात बदमाश और एक लाख रुपये के इनामी नईम कुरैशी को मार गिराया। नईम के खिलाफ विभिन्न जिलों में हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 35 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इस एनकाउंटर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लंबे समय से सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
ऐसे हुई मुठभेड़
एसएसपी संजय वर्मा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा व पुलिस टीम कुतुबपुर झाल नहर पटरी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध बाइकों पर आते दिखाई दिए। रुकने के इशारे पर दोनों भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने पीछा किया। भूम्मा चौकी के पास एक खंडहर में बदमाशों ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नईम के सीने में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल कालूराम यादव भी गोली लगने से घायल हुए।
घायल अवस्था में नईम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पास से एक पिस्टल और बाइक बरामद की गई है। नईम नफीस कालिया गैंग का सक्रिय सदस्य रह चुका था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
मुठभेड़ करने वाली टीम को मिलेगा इनाम
. उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर जारी सूचना में इस मुठभेड़ के बारे में जानकारी दी है. एसएसपी संजय वर्मा, एसपी देहात आदित्य बंसल समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस साहसिक कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को प्रशंसा और पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।