गो-तस्करी मामले में 50 हजार का इनामी आरोपी आरिफ हुसैन गिरफ्तार, एसटीएफ नोएडा की कार्रवाई

Share This

एसटीएफ नोएडा ने गो-तस्करी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ हुसैन के रूप में हुई है, जो मुरादाबाद का रहने वाला है और चंदौली में दर्ज केस में वांछित चल रहा था।

अफसरों ने दी जानकारी 

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्र के मुताबिक, सोमवार को टीम को इनपुट मिला था कि आरिफ हरियाणा के सोनीपत के इंडस्ट्रियल इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही टीम ने वहां पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ के लिए ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित कार्यालय लाया गया।

पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गो-तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ था।

जांच में पता चला है कि उसने अपने नाम से एक कंटेनर खरीद रखा था, जिसका इस्तेमाल गोवंशीय पशुओं को एक राज्य से दूसरे राज्य में भेजने के लिए किया जाता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हसीब नाम का व्यक्ति, जो उसके ही मोहल्ले का रहने वाला है, पहले से इस अवैध कारोबार में शामिल था और उसी के संपर्क में आने के बाद उसने भी यह काम शुरू किया।

काफी समय से था फरार

पुलिस के मुताबिक 25 मई 2024 को कानपुर के जंगलों से गोवंश को कंटेनर में भरकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजने की योजना बनाई गई थी। हालांकि चंदौली पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस घटना के बाद से आरिफ फरार था और पुलिस उसे तलाश रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *