उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने सोमवार को प्रयागराज में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के कुख्यात माफिया आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह उर्फ छोटू धनबादिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटू प्रयागराज में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। STF ने शिवराजपुर चौराहा इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने AK-47 और 9MM पिस्टल से टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस ने मौके से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल, कई जिंदा और खोखा कारतूस, और एक बाइक बरामद की है। STF टीम के जवान बाल-बाल बचे। बताया जा रहा है कि छोटू सिंह झारखंड के धनबाद जिले के जेसी मल्लिक रोड का रहने वाला है और उस पर झारखंड व बिहार में हत्या, रंगदारी और संगठित अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से बाहर था।
सूत्रों के मुताबिक, STF को पहले से इनपुट मिला था कि छोटू सिंह प्रयागराज में अपने एक साथी के साथ किसी बड़े अपराध को अंजाम देने के लिए आया है। इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए STF टीम ने योजना बनाकर शिवराजपुर क्षेत्र में घेराबंदी की थी। इस दौरान आरोपी ने खुद को फंसता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। करीब 10 मिनट तक मुठभेड़ चली, जिसमें STF के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा।
होगी जांच
STF के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत झारखंड और बिहार में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। प्रयागराज में उसकी मौजूदगी एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती थी। पुलिस अब उसके नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों की जांच कर रही है।गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके साथी की तलाश भी जारी है, जो मौके से फरार हो गया।
बरामदगी:
एक AK-47 राइफल
एक 9MM पिस्टल
जिंदा व खोखा कारतूस
एक बाइक