आज नए साल के मौके पर जहां हर तरफ जश्न, पार्टी और सेलिब्रेशन का माहौल है, वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस ने बेहद अलग और जिम्मेदारी भरा संदेश देकर लोगों का ध्यान खींचा है। यूपी पुलिस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक खास पोस्ट शेयर करते हुए नए साल की बधाई दी, लेकिन यह बधाई सिर्फ शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें लोगों को उनकी जिम्मेदारियों की भी याद दिलाई गई।
पुलिस ने लिखा ये
उत्तर प्रदेश पुलिस के इस पोस्ट में लिखा गया है, “साल को आगे बढ़ाएं, गलतियों को नहीं।” इस संदेश के जरिए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पुराने साल की गलत आदतों को नए साल में न दोहराएं। पोस्ट में साफ तौर पर बताया गया है कि 2025 में जो गलतियां की गईं, उन्हें 2026 में नहीं दोहराना चाहिए। इस दौरान पुलिस ने खासतौर पर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों पर फोकस किया है।
पोस्ट के मुताबिक यूपी पुलिस ने लोगों से ट्रिपलिंग न करने, बिना हेलमेट सफर न करने, ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने, ओवरस्पीडिंग न करने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की है। ये सभी लापरवाहियां हर साल सैकड़ों सड़क हादसों की वजह बनती हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली जाती है।
पोस्ट के कैप्शन में भी पुलिस ने असरदार शब्दों का इस्तेमाल किया है। इसमें लिखा है, “टकराव के बजाय समाधान चुनें। पार्टी आधी रात को खत्म हो जाती है मगर जिम्मेदारी नहीं।” साथ ही लोगों से हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
लोगों ने दिए संदेश
नए साल के दिन सोशल मीडिया पर नेताओं, फिल्मी सितारों और आम लोगों के बधाई संदेश छाए हुए हैं। ऐसे में यूपी पुलिस का यह पोस्ट अलग नजर आता है, क्योंकि यह सिर्फ बधाई नहीं देता बल्कि लोगों को सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी देता है।