यूपी पुलिस में बड़े फेरबदल की संभावना: फरवरी में डीजी स्तर के तीन वरिष्ठ आईपीएस होंगे रिटायर

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में फरवरी के महीने में शीर्ष स्तर पर अहम प्रशासनिक फेरबदल होने जा रहा है। इस दौरान डीजी रैंक के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे, जिससे पुलिस मुख्यालय और विभिन्न इकाइयों में रिक्त पदों की स्थिति बनेगी। इन रिटायरमेंट्स के बाद यूपी कैडर की वरिष्ठता सूची में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

ये हैं लिस्ट

फरवरी में जिन अधिकारियों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें 1990 बैच के आईपीएस संदीप सालुंके और मनमोहन कुमार बशाल के साथ 1992 बैच के अधिकारी दीपेश जुनेजा शामिल हैं। वर्तमान में संदीप सालुंके डीजी मानवाधिकार, मनमोहन कुमार बशाल डीजी होमगार्ड और दीपेश जुनेजा डीजी अभियोजन के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इनमें संदीप सालुंके यूपी कैडर के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी माने जाते हैं, जबकि मनमोहन कुमार बशाल वरिष्ठता सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

इन वरिष्ठ अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद यूपी कैडर में वरिष्ठता का क्रम बदलेगा। इस स्थिति में रेणुका मिश्रा प्रदेश की सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बन जाएंगी। हालांकि, वह पिछले करीब डेढ़ साल से किसी विभाग की कमान नहीं संभाल रही हैं और मुख्यालय से संबद्ध हैं। एक मार्च से वरिष्ठता सूची में वर्ष 1991 बैच के आलोक शर्मा और पीयूष आनंद क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे, लेकिन दोनों इस समय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। ऐसे में राज्य में तैनात अधिकारियों की वरिष्ठता के आधार पर मौजूदा डीजीपी राजीव कृष्णा का स्थान और मजबूत हो जाएगा।

भरे जाएंगे कई पद

इधर, डीजी स्तर के तीन पद रिक्त होने के बाद एक मार्च को 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रकाश डी, एलवी एंटनी देव कुमार और जय नारायण सिंह को डीजी पद पर पदोन्नति दिए जाने की संभावना है। इससे पुलिस मुख्यालय सहित विभिन्न शाखाओं में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *