यूपी पुलिस का ‘यक्ष’ ऐप बना स्मार्ट हथियार, पुराने केस सुलझाने में मिल रही बड़ी सफलता

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस का डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘यक्ष’ अब टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग का एक मजबूत हथियार बनकर उभर रहा है। यह ऐप न केवल रियल-टाइम में अपराधियों की पहचान करने में मदद कर रहा है, बल्कि वर्षों से लंबित मामलों को सुलझाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। हाल ही में पुलिस ने इसके जरिए 10 साल पुराने हत्या के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश किया है।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

फिरोजाबाद में इस ऐप के फोटो-मैचिंग और फेस रिकग्निशन फीचर का उपयोग कर पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को पकड़ा, जो 2016 से हत्या के मामले में फरार था। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन यक्ष ऐप की तकनीक ने उसकी सही पहचान उजागर कर दी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

वहीं रायबरेली में ‘यक्ष’ के इंटीग्रेटेड सर्विलांस और एनालिटिक्स फीचर्स की मदद से वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। CCTV फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी को जोड़कर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में चोरी की गई कई गाड़ियां भी बरामद हुईं।

अफसरों ने बताया ये

अधिकारियों के मुताबिक, यक्ष ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह आसपास लगे CCTV कैमरों की तुरंत पहचान कर लेता है, संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक करता है और डेटा का तेजी से विश्लेषण करता है। इससे जांच की गति और सटीकता दोनों में सुधार हुआ है।

‘पुलिस मंथन’ कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया यह ऐप अब प्रदेशभर में लागू किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी जिलों को इसके अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए हैं, ताकि अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी और अधिक प्रभावी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *