वाराणसी पुलिस-वकील विवाद में IPS नीतू को मिल रहा जबरदस्त समर्थन, सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा #Istandwith_IPSneetu

Share This

वाराणसी। शहर में इन दिनों पुलिस और वकीलों के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इसी बीच महिला आईपीएस अधिकारी नीतू कादयान के पक्ष में पुलिसकर्मियों ने सोशल मीडिया पर बड़ा समर्थन अभियान छेड़ दिया है। बीते दो दिनों से यूपी पुलिस के जवान फेसबुक, इंस्टाग्राम और ‘एक्स’ (ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म पर खुलकर उनके समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं।

ये था मामला

यह पूरा विवाद 16 सितंबर को वाराणसी में एक दरोगा के साथ हुई कथित मारपीट की घटना से जुड़ा है। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी न होने से नाराज दरोगा के परिजन पुलिस कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में वकील भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच महिला आईपीएस अधिकारी नीतू कादयान मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

इस दौरान की एक वीडियो भी वायरल हो रही है, जिसमें नीतू कादयान वकीलों से कहती नजर आ रही हैं – “किसकी गर्मी शांत करोगे आप?” इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

पुलिसकर्मी कर रहे बचाव

हालांकि, पुलिसकर्मियों का कहना है कि नीतू कादयान जैसी अधिकारी पूरे विभाग के लिए मिसाल हैं। वे न केवल कानून व्यवस्था को बनाए रखने में सक्षम हैं, बल्कि जवानों के मनोबल को भी ऊंचा करती हैं। इस समर्थन अभियान से पुलिस विभाग के भीतर उत्साह का माहौल है, और यह संदेश भी जा रहा है कि पुलिस बल अपने नेतृत्व के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

#ipsNeetu, #Istandwith_IPSneetu #VaranasiPolice और #GloryOfUPPolice जैसे हैशटैग तेजी से वायरल हो रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें प्रेरणादायक, साहसी और विभाग की शान बताते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। कई पुलिसकर्मियों ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर भी नीतू कादयान की तस्वीरें लगाकर समर्थन जाहिर किया है।

एक वायरल पोस्ट में उनकी फोटो पर फिल्म ‘सिंघम’ की बैकग्राउंड म्यूजिक जोड़ दी गई है, जिससे यह पोस्ट और ज्यादा चर्चा में आ गई है। कई पोस्ट में उन्हें यूपी पुलिस का गौरव और रियल हीरो बताया जा रहा है। पुलिसकर्मी इस अभियान को सिर्फ समर्थन नहीं बल्कि पूरे विभाग की एकजुटता और मनोबल का प्रतीक मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *