प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान बेहतरीन फायर सेफ्टी प्रबंधन के लिए उत्तर प्रदेश फायर सर्विस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (अग्निशमन एवं आपात सेवाएं) श्रीमती पद्मजा चौहान के नेतृत्व में कार्य कर रही यूपी फायर सर्विस टीम को मुंबई के गोरेगांव में आयोजित @ifeindia के अंतरराष्ट्रीय समारोह में Fire & Safety Excellence Award से सम्मानित किया गया।
बड़ी चुनौती को किया पार
जानकारी के मुताबिक , ये पुरस्कार महाकुंभ के दौरान फायर सेफ्टी व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू करने, आधुनिक तकनीक के उपयोग और टीम के समर्पित प्रयासों के लिए दिया गया है। महाकुंभ जैसे विश्वस्तरीय आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती थी, जिसे यूपी फायर सर्विस ने कुशल रणनीति और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता से संभाला।
इस उपलब्धि को प्रयागराज के फायर सेफ्टी मॉडल की बड़ी सफलता माना जा रहा है। महाराष्ट्र तीसरा राज्य बन गया है जिसने प्रयागराज के इस मॉडल को देशभर के लिए मिसाल मानते हुए यूपी फायर सर्विस को सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल टीम की मेहनत का परिणाम है बल्कि उत्तर प्रदेश की आपात सेवाओं की कार्यकुशलता और आधुनिक तैयारियों का भी परिचायक है।
विभाग के लिए है ये गर्व का क्षण
अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है और यह टीम की एकजुटता, सतर्कता और पेशेवर कौशल का प्रमाण है।