यूपी एटीएस का बड़ा खुलासा: पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े आगजनी साजिश रचने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

Share This

पाकिस्तानी हैंडलर्स के निर्देश पर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों, वाहनों और रेलवे सिग्नल बॉक्स में आगजनी जैसी राष्ट्रविरोधी साजिश रचने वाले एक संगठित गिरोह का उत्तर प्रदेश एटीएस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान एटीएस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश में शामिल थे।

साथ फोन बरामद

एटीएस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के पास से कुल सात स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन के जरिए संदिग्ध विदेशी हैंडलर्स से संपर्क स्थापित किया जा रहा था और संवेदनशील सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा था। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न स्थानों पर आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी अभियुक्तों को गहन पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी में लिया गया है। अदालत से 5 दिनों का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त हुआ है, जो 5 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। इस दौरान एटीएस टीम अभियुक्तों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश करेगी, साथ ही इनके अन्य साथियों और विदेशी कनेक्शन की भी जांच की जाएगी।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने दी जानकारी 

इस संबंध में अपर पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने एक वीडियो बयान जारी कर बताया कि यह कार्रवाई राज्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यूपी एटीएस की इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *