प्रथम ऑल इंडिया पुलिस कबड्डी क्लस्टर गेम्स में नोएडा पुलिस की महिला आरक्षियों ने रचा इतिहास, CP ने किया सम्मानित

Share This

जालंधर, पंजाब में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया पुलिस कबड्डी क्लस्टर गेम्स में नोएडा पुलिस की दो महिला आरक्षियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर जिले और विभाग का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में आरक्षी स्नेहा और वर्षा तालियान ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले तक का सफर तय किया और रजत पदक अपने नाम किया।

अन्य महिला पुलिसकर्मियों के लिए बनीं मिसाल

कबड्डी जैसे शारीरिक क्षमता और रणनीति पर आधारित खेल में महिला खिलाड़ियों का इस स्तर पर प्रदर्शन करना वास्तव में सराहनीय है। दोनों महिला आरक्षियों ने अपने कड़े प्रशिक्षण, अनुशासन और दृढ़ निश्चय से यह सफलता अर्जित की। ये उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि यह अन्य महिला कर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नोएडा की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह (@CP\_Noida) ने आरक्षी स्नेहा और वर्षा तालियान को बधाई देते हुए, दोनों को व्यक्तिगत रूप से ₹25,000 के पुरस्कार से सम्मानित किया।

Capture 2

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षियों की यह उपलब्धि पुलिस विभाग की महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने सभी महिला कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से मानसिक और शारीरिक क्षमता का विकास होता है, जो पुलिस सेवा में भी सहायक सिद्ध होता है।

पुलिस कमिश्नर ने दी बधाई

लक्ष्मी सिंह ने दोनों महिला आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नोएडा पुलिस को उन पर गर्व है और आगे भी विभाग की ओर से ऐसे प्रतिभाशाली अधिकारियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन दिया जाएगा। ये उपलब्धि निश्चित ही पुलिस बल की महिला कर्मियों को आत्मविश्वास और प्रेरणा प्रदान करेगी, जिससे भविष्य में और भी अधिक महिलाएं खेल और सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *