गाजियाबाद के कौशांबी क्षेत्र में स्थित सरोवर पोर्टिको होटल से देह व्यापार के मामले में पुलिस अधिकारियों की भी सख्त कार्रवाई की गई है। होटल में चल रहे इस अवैध धंधे की जांच के दौरान पुलिस ने कई लड़कियों को रेस्क्यू किया था और अब इस मामले में शामिल एक दरोगा और दो बीट सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है। डीसीपी ने बताया कि दरोगा अनुज और बीट सिपाही मुकेश व ओमबीर पर अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप हैं।
लड़कियों को मिलते थे इतने रुपये
पुलिस जांच के दौरान होटल से सैकड़ों लड़कियों की फोटो और सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली गई हैं। रेस्क्यू कराई गई लड़कियों के बयानों में खुलासा हुआ कि उन्हें 2 से 3 हजार रुपये मिलते थे, जबकि होटल प्रबंधन और दलाल ग्राहकों से 20 हजार रुपये तक वसूलते थे। इस अवैध धंधे में विदेशी युवतियों को भी शामिल किया जाता था।
डीसीपी ने साफ कहा है कि इस मामले में कोई भी बख्सा नहीं जाएगा और फरार दो बड़े रसूख वाले लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने यह भी कहा कि उन्हें इस गिरोह की सरगना की तलाश है, जो पुलिस की छापेमारी के दौरान होटल से फरार हो गया था।
एसीपी कर रहीं जांच
एसीपी इंद्रापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस पूरे मामले की जांच एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव कर रही हैं। अब सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों पर भी जांच जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी प्रकार की लापरवाही या संरक्षण इस अवैध धंधे में नहीं रही।