गाजियाबाद पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिसके अंतर्गत नेशनल लेवल के शूटिंग खिलाड़ी मयंक मिश्रा को अगवा कर फिरौती मांगने वाले तीन शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को मिली थी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक हिंडन बैराज के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने काले रंग की स्कूटी से जा रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में तीनों के पैर में गोली लगी और मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सूरजपुर निवासी राजा उर्फ मुकेश, बुलंदशहर निवासी दीपक उर्फ लुट्टन और गिरधरपुर निवासी वंश के रूप में हुई है। इनके कब्जे से सोने और चांदी के सिक्के, नकदी, तमंचे, कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की गई है।
डीसीपी ने दी जानकारी
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी राजा पर लूट और चोरी के 23 मुकदमे दर्ज हैं, दीपक पर 6 और वंश पर एक मामला दर्ज है। हाल ही में इन्होंने एनएच-9 पर आइपीईएम कॉलेज के पास मयंक मिश्रा को बंधक बनाकर लूटपाट की थी।