होली के बाद होगा उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई IPS अधिकारियों को मिलेगा प्रमोशन

Share This

होली के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े प्रशासनिक बदलाव की तैयारी है। तीन डीजी रैंक के अधिकारियों के रिटायरमेंट के बाद कई आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन मिलेगा और बड़े स्तर पर तबादले भी संभावित हैं। विभाग में वरिष्ठता सूची में भी अहम फेरबदल देखने को मिलेगा।

तीन एडीजी बनेंगे डीजी

28 फरवरी को डीजी मानवाधिकार संदीप सालुंके, डीजी होमगार्ड एमके बशाल और डीजी अभियोजन दीपेश जुनेजा रिटायर हो रहे हैं। इनके रिटायर होते ही तीन एडीजी रैंक के अधिकारियों को डीजी पद पर प्रोन्नति मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।

प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में एडीजी रेलवे प्रकाश डी., एडीजी रूल्स एंड मैनुअल एलवी एंटनी देव कुमार और एडीजी पावर कॉरपोरेशन जय नारायन सिंह शामिल हैं। इनकी पदोन्नति के बाद विभाग में नई तैनातियों का दौर शुरू होगा।

अप्रैल में भी होगा बड़ा बदलाव

30 अप्रैल को डीजी यूपी 112 और ईओडब्ल्यू नीरा रावत भी रिटायर होने वाली हैं। यदि इस बीच कोई अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस नहीं आता है, तो कानपुर जोन के एडीजी आलोक सिंह को डीजी पद पर प्रमोशन मिल सकता है।

वरिष्ठता सूची में बदलाव

वर्तमान में संदीप सालुंके यूपी कैडर के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि एमके बशाल तीसरे स्थान पर हैं। इनके रिटायरमेंट के बाद रेणुका मिश्रा यूपी कैडर की वरिष्ठतम अधिकारी बन जाएंगी। हालांकि, वह पिछले करीब डेढ़ साल से मुख्यालय से संबद्ध हैं।

एक मार्च से वरिष्ठता सूची में 1991 बैच के आलोक शर्मा और पीयूष आनंद क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर आ जाएंगे, लेकिन दोनों फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। ऐसे में कार्यरत अधिकारियों में डीजीपी राजीव कृष्णा वरिष्ठता क्रम में ऊपर आ सकते हैं।

तबादलों की भी संभावना

डीजी रैंक से लेकर एसपी रैंक तक बड़े स्तर पर तबादलों की संभावना जताई जा रही है। विभागीय फेरबदल के चलते कई जिलों और जोन में नए अधिकारियों की तैनाती हो सकती है। माना जा रहा है कि अप्रैल तक पुलिस महकमे की तस्वीर काफी हद तक बदल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *