Muzaffarnagar: कार्यभार संभालते ही SSP ने दिखाई सख्ती, BJP नेता की गाड़ी को किया सीज

हाल ही में मुजफ्फरनगर की कमान संभालने वाले एसएसपी अभिषेक सिंह ने पदभार संभालते ही पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दे दिया था। उन्होंने ये साफ शब्दों में कहा था कि वो न तो कार्यक्षेत्र में लापरवाही करते हैं, न उन्हें ये पसंद है। इसी क्रम में उन्होंने बीती रात अपने सख्त तेवर भी दिखा दिए। दरअसल, बीती देर शाम एसएसपी अचानक वाहनों की चेकिंग करने निकल गए। इस दौरान एसएसपी ने भारतीय जनता पार्टी के एक नेता को जमकर हड़काते हुए कानून का पालन करने की हिदायत दी, वहीं उनकी गाड़ी भी सीज करा दी।

बीजेपी नेता की लगाई क्लास

जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ सिविल लाइन थाना क्षेत्र में महावीर चौक पर वाहनों की चेकिंग करा रहे थे, तभी वहां पर एक लग्जरी गाड़ी पहुंची, जिस पर लाल-नीली बत्ती लगी थी। ऐसे में एसएसपी ने उस गाड़ी को रुकवा दिया।

पूछताछ में चालक ने बताया कि उसका नाम निधिशराज गर्ग है और वो एक बीजेपी नेता। निधिशराज गर्ग ने एसएसपी को बताया कि वह भाजपा के सक्रिय सदस्य हैं और उनके पिता डा. एम एल गर्ग सेवानिवृत सीएमएस हैं।

गाड़ी को किया सीज

इसके बाद एसएसपी ने निधिशराज गर्ग के रवैये को देखकर गाड़ी पर गैरकानूनी तरीके से लाल-नीली बत्ती लगाने पर हड़काते हुए हिरासत में लेने के निर्देश दिए, जिसके बाद बीजेपी नेता माफी मांगने लगे तो एसएसपी ने उन्हें तो माफ कर दिया लेकिन एसएसपी के निर्देश पर भाजपा नेता की कार को सिविल लाइन पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया। एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मच गया।