गंगा-यमुना के उफान से जब पूरा प्रयागराज बाढ़ की चपेट में आ गया, तब एक दृश्य ऐसा भी सामने आया जिसने सोशल मीडिया पर भावनाओं की लहर दौड़ा दी। यूपी पुलिस में तैनात दरोगा चंद्रदीप निषाद ने जब देखा कि मां गंगा का जल उनके घर तक आ पहुंचा है, तो उन्होंने इसे आपदा नहीं, आशीर्वाद मानते हुए श्रद्धा से सिर झुका दिया।
ये है मामला
प्रयागराज के दारागंज क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक चंद्रदीप निषाद के घर में जब गंगा का पानी घुसा, तो उन्होंने वर्दी में ही मां गंगा को फूल और दूध चढ़ाकर पूजा अर्पित की।
उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दरोगा भावुक होकर कहते हैं, “जय गंगा मैया की, मैं धन्य हो गया मां… आप मेरे द्वार पर आईं, यही मेरा सौभाग्य है।”
200 से अधिक गांव प्रभाव में
बाढ़ की विकरालता ने प्रयागराज के 200 से अधिक गांवों और 7 शहरी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। कछारी इलाकों के साथ ही कई घर जलमग्न हो चुके हैं। प्रशासन ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को राहत-बचाव कार्य में तैनात कर दिया है।