उत्तर प्रदेश के कानपुर में ग्वालटोली थाना क्षेत्र के आनंदेश्वर मंदिर के पास हुई एक घटना ने पुलिस विभाग के समक्ष कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर में आयोजित प्रीतिभोज के दौरान सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी का अनुचित व्यवहार सोशल मीडिया पर सामने आया। यह मामला केवल स्थानीय चर्चा का विषय नहीं बना बल्कि पूरे देश में महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और सम्मान पर बहस छेड़ दी है। घटना के वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से ध्यान खींचा और हजारों लोग इसे देखकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
ये है मामला
घटना रविवार को हुई जब आनंदेश्वर मंदिर में हजारों श्रद्धालु प्रीतिभोज में शामिल होने पहुंचे। सुरक्षा के लिए ग्वालटोली थाने की पुलिस तैनात थी। इसी बीच, ट्रांसजेंडर महिला सुरक्षा दल के सामने रील बनाते हुए गाना गा रही थीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि उसी दौरान एक कांस्टेबल उनके पास गया और अचानक उनका गाल चूम लिया।
महिला ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया, जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होने के बाद कांस्टेबल ने खुद को पहचानते हुए कमेंट किया और वीडियो हटाने की गुजारिश की। जब महिला ने वीडियो नहीं हटाया तो उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट हटा दिया।
एसीपी ने दी जानकारी
एसीपी अमित कुमार चौरसिया ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि कांस्टेबल नियमित तैनात नहीं था, संभवतः अतिरिक्त ड्यूटी पर था। उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता और घटनास्थल की पुष्टि की जा रही है। विभाग संबंधित कर्मी की पहचान कर जांच कर रहा है और यदि दोषी पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।