महाराजगंज: मारपीट मामले में रिश्वत लेते दरोगा का वीडियो वायरल, निलंबन

Share This

महाराजगंज। बरगदवा थाने के दरोगा अवधेश कुमार यादव को मारपीट के मामले में पक्ष में रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामला तब सामने आया जब दरोगा के रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसपी सोमेंद्र मीणा ने वीडियो का संज्ञान लेकर दरोगा को तत्काल सस्पेंड कर दिया और मामले की जांच सीओ निचलौल बसंत सिंह को सौंपी है।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, बरगदवा निवासी राकेश अग्रहरी की कपड़े की दुकान है और उनके पड़ोसी सुरेंद्र यादव फल बेचते हैं। बिजली चोरी की शिकायत को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। राकेश ने सुरेंद्र पर कटिया लगाकर बिजली चोरी का आरोप लगाया था। मामले की जांच के दौरान सुरेंद्र को हिदायत दी गई थी, लेकिन इससे नाराज होकर छह मार्च को उनके परिजनों ने राकेश और उसके परिवार से मारपीट की। इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से 12 मार्च को क्रॉस एफआईआर दर्ज हुई थी।

विवेचना की जिम्मेदारी बरगदवा थाने के एसआई अवधेश कुमार यादव को सौंपी गई थी। आरोप है कि दरोगा ने राकेश से 25 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर मांगे। 19 मार्च की शाम दरोगा राकेश की दुकान पर पहुंचा और मामले की पूछताछ करने लगा। इस दौरान दरोगा ने इशारों में रुपये देने को कहा। राकेश ने 16,100 रुपये गिनकर पेपर में लपेटकर दिए और शेष राशि बाद में देने की बात कही। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

एसपी ने कहा ये

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सोमेंद्र मीणा ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई और दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *