मथुरा जंक्शन पर दारोगा ने वेंडर को पीटा, वीडियो वायरल होते ही सस्पेंड

Share This

मथुरा जंक्शन से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें जीआरपी का एक दारोगा रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने वाले वेंडर के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना 25 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8:20 बजे की है। करीब 3 मिनट 46 सेकंड लंबे इस वायरल वीडियो में दिख रहा है कि जीआरपी दारोगा पहले स्टॉल पर पहुंचकर चाय का ऑर्डर देता है और जल्दी चाय बनाने को कहता है।

ये है मामला

वीडियो के अनुसार, स्टॉल पर काम कर रहा कर्मचारी सफाई का हवाला देते हुए चाय बनाने के लिए थोड़ा समय मांगता है। इस बात पर दारोगा नाराज हो जाता है और कथित तौर पर उसे गालियां देने लगता है। मामला यहीं नहीं रुकता, बल्कि दारोगा वेंडर के हाथ से वाइपर छीनकर उसे मारना शुरू कर देता है। इतना ही नहीं, वह दुकानदार को दुकान से बाहर आने के लिए भी कहता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करते नजर आते हैं।

वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जीआरपी आगरा के एसपी ने कार्रवाई की है।

अफसरों ने की कार्रवाई

इस संबंध में @spgrpagra ने X पर जवाब देते हुए लिखा, “वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक जांच सीओ जीआरपी आगरा से कराई गई। उक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित उ०नि० विवेक कुमार को अभद्रता और अनुशासनहीनता के क्रम में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा सम्पूर्ण प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।” फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है। घटना ने रेलवे स्टेशन पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *