कानपुर के थाना महाराजपुर क्षेत्र में रक्षाबंधन का पर्व इस बार एक अलग ही रंग लेकर आया। महाराजपुर कस्बे के सुरजन सिंह इंटर कॉलेज की छात्राओं ने थाने पहुंचकर थाना प्रभारी संजय पांडेय और समस्त पुलिस स्टाफ को सनातन परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को निभाते हुए यह पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
बेहद उत्साहित थीं छात्राएं
राखी बांधने के इस कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह देखते ही बनता था। थाना प्रभारी और उनकी टीम ने भी इस स्नेह और सम्मान को दिल से स्वीकार किया।
भावुक माहौल में थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बच्चों को मिठाइयां और चॉकलेट बांटकर अपना स्नेह प्रकट किया। साथ ही, उन्होंने यह संदेश भी दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली शक्ति नहीं है, बल्कि समाज का अभिन्न हिस्सा है, जो हर नागरिक के सुख-दुख में साथ खड़ी रहती है।
मित्र पुलिस की अवधारणा को किया जीवंत
इस अवसर पर थाना परिसर का माहौल पारिवारिक और भावनात्मक हो गया। छात्राओं और पुलिस के बीच इस संवाद ने न केवल भाई-बहन के रिश्ते की पवित्रता को मजबूत किया, बल्कि ‘मित्र पुलिस’ की अवधारणा को भी जीवंत किया। पुलिसकर्मियों ने बच्चों से खुलकर बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे किसी भी परेशानी में निडर होकर पुलिस से संपर्क करें।