बागपत जनपद में पुलिसिंग की असली तस्वीर समझने के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने एक ऐसा तरीका अपनाया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। उन्होंने अपनी वर्दी और पहचान को एक तरफ रखते हुए खुद को एक आम नागरिक के रूप में पेश किया और अचानक बागपत कोतवाली पहुंच गए।
बाइक से निकले निरीक्षण पर
बिना किसी पूर्व सूचना के SP राय थाने के मुख्य गेट पर पहुंचे और वहां मौजूद होमगार्ड से बोले कि उनकी घड़ी चोरी हो गई है और वे इसकी शिकायत दर्ज कराना चाहते हैं। यह पूरा प्रयास एक गुप्त निरीक्षण का हिस्सा था, जिसके माध्यम से वे यह देखना चाहते थे कि आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार कैसा होता है।
हालांकि, जवाब में होमगार्ड ने न तो संवेदनशीलता दिखाई और न ही गंभीरता, बल्कि कहा – “शिकायती पत्र लेकर आइए, तभी कुछ होगा।” SP के अनुसार, इस प्रतिक्रिया से साफ हुआ कि आम जनता की बात सुनने में कितनी लापरवाही बरती जा रही है।
थाने में कर्मचारियों के व्यवहार को देखने के बाद SP वहीं नहीं रुके। वे अपनी मोटरसाइकिल से शहर के अलग-अलग इलाकों का दौरा करने निकल पड़े। उन्होंने मुख्य बाजारों में जाकर ट्रैफिक, सुरक्षा व्यवस्था और दुकानों की स्थिति का निरीक्षण किया।
लगाई फटकार
जहां कहीं अव्यवस्था या लापरवाही नजर आई, उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा।