राजस्थान के सीकर जिले में आयोजित विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी फाल्गुन मेले के दौरान इस बार श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव मिलने जा रहा है। हर साल लाखों भक्त बाबा श्याम के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्थाएं प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान और सीकर पुलिस ने श्रद्धालुओं के साथ सकारात्मक जुड़ाव बढ़ाने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है।
शुरू की ये पहल
मेले में “श्री खाटूश्यामजी मेला सेल्फी प्रतियोगिता” की शुरुआत की गई है। इस प्रतियोगिता के तहत श्रद्धालु पुलिस की बेहतर व्यवस्थाओं, ड्यूटी पर तैनात जवानों द्वारा की गई मदद या मेले में मिली सुविधाओं से जुड़े खास पलों को सेल्फी के रूप में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं।
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि प्रतिभागियों को अपनी पोस्ट में @policerajasthan को टैग करते हुए #SafeWithPolice और #KhatuMelaPolice हैशटैग का उपयोग करना होगा। चयनित 100 श्रेष्ठ सेल्फी को सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को श्याम बाबा की तस्वीर, प्रसाद और प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा, जबकि जिले से बाहर के प्रतिभागियों को पुरस्कार डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे।
मेले की सुरक्षा में तैनात इतने जवाल
मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 6000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें कांस्टेबल से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक शामिल हैं। इसके अलावा होमगार्ड और मंदिर समिति की ओर से निजी सुरक्षा गार्ड भी लगाए गए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9667600788 या आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करें। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करना है।