उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो इस वक्त सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। मामला राठ थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने अपहरण और मारपीट के एक केस में नामजद आरोपी विवेक राजपूत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। लेकिन गिरफ्तारी से ज़्यादा सुर्ख़ियाँ बटोर रहा है वह वीडियो, जिसमें थाना प्रभारी आरोपी से कहते दिखते हैं – “अब हंसना मत।”
वायरल हो रहा वीडियो
यह बात उन्होंने उस वक्त कही जब पुलिस ने आरोपी को गोली मारने के बाद हथकड़ी पहनाकर उठाया और गाड़ी की तरफ ले जाया जा रहा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी किसी हल्के अंदाज़ में कुछ कहता है या मुस्कराता है, जिस पर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार तुरंत सख़्ती से बोलते हैं – “अब हंसना मत, अब ज़िंदगी भर याद रहेगा।” यह वीडियो पुलिस टीम द्वारा ही शूट किया गया था, जो अब वायरल हो चुका है।
ये था मामला
मामला उस समय शुरू हुआ जब शिवम नामक युवक, जो कस्बे की एक चाय की दुकान पर बैठा था, उसे कुछ युवकों ने अगवा कर लिया और फिर बेरहमी से पीटकर सड़क किनारे फेंक दिया। जांच में सामने आया कि शिवम ने कुछ दिन पहले एक लड़की से छेड़खानी का विरोध किया था, जिससे नाराज़ होकर इन लोगों ने उससे बदला लिया।
पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और आरोपियों की तलाश जारी थी। आरोपी विवेक राजपूत को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी और दबोच लिया। पुलिस को उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक ज़िंदा और एक खोखा कारतूस भी मिला।