उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार रात इंदिरापुरम इलाके में पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक लाख रुपये का इनामी बदमाश गुलफाम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एडीजी ने दी जानकारी
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने लखनऊ में जानकारी देते हुए बताया कि 27 फरवरी को लोनी क्षेत्र में सलीम वास्तिक पर हत्या की नीयत से हमला किया गया था। इस मामले में शामिल आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले एक अन्य आरोपी जीशान भी पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी को लोनी के अली गार्डन स्थित कार्यालय में दो हमलावर हेलमेट पहनकर बाइक से पहुंचे थे। उन्होंने धारदार हथियार से सलीम की गर्दन, पेट और कान पर कई वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में सलीम को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर किया गया था।
सीसीटीवी के आधार पर होगी कार्रवाई
सलीम के बेटे उस्मान की शिकायत पर सात नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई थी। मंगलवार को सूचना मिली कि आरोपी खोड़ा क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस टीम के पहुंचते ही उसने भागने की कोशिश की और कथित तौर पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल बताए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।