बरेली की ASP अंशिका वर्मा बनेंगी बाड़मेर की बहू, Sambhal SP केके बिश्नोई से तय हुई शादी

Share This

 

 

उत्तर प्रदेश पुलिस के दो चर्चित आईपीएस अधिकारी जल्द ही वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। बरेली में तैनात एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा और संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) का विवाह तय हो गया है। दोनों की शादी राजस्थान के बाड़मेर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगी। विवाह निमंत्रण पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह खबर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।

तीन दिन चलेगा कार्यक्रम 

अंशिका वर्मा मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं और वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। फिलहाल वह बरेली में एसपी दक्षिणी के पद पर कार्यरत हैं और महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग के लिए जानी जाती हैं। दूसरी ओर, कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और राजस्थान के बाड़मेर जिले के प्रतिष्ठित बिश्नोई परिवार से संबंध रखते हैं। परिवारों की सहमति के बाद दोनों का रिश्ता तय किया गया।

विवाह समारोह तीन दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत 28 मार्च से बाड़मेर में होगी, जहां केके बिश्नोई की बारात कृष्ण निवास पहुंचेगी। 29 मार्च को सुबह पारंपरिक रीति से विदाई की रस्म निभाई जाएगी। इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर के एक प्रसिद्ध रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।

रिसेप्शन समारोह में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित कई प्रमुख नामों के आने की चर्चा है। आयोजन को खास बनाने के लिए पारंपरिक राजस्थानी स्वागत, आकर्षक सजावट और लाइव संगीत की व्यवस्था की जा रही है।

कौन हैं अंशिका वर्मा

अंशिका वर्मा को महिला सशक्तिकरण की मिसाल माना जाता है। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्वयं तैयारी कर सिविल सेवा परीक्षा पास की। पहले वह गोरखपुर में एएसपी के रूप में तैनात रहीं और अब बरेली में महिला उत्पीड़न व साइबर अपराध के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मार्च 2025 में दिल्ली में आयोजित महिला सम्मेलन के दौरान उन्हें वुमेन आइकन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *