उत्तर प्रदेश पुलिस के दो चर्चित आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई और अंशिका वर्मा की प्रेम कहानी अब विवाह में बदलने जा रही है। लंबे समय से चर्चा में रही यह जोड़ी 29 मार्च को जोधपुर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेगी।
कौन हैं केके बिश्नोई
कृष्ण कुमार बिश्नोई वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में संभल के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। वहीं अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और बरेली साउथ में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत हैं। दोनों की मुलाकात गोरखपुर में पोस्टिंग के दौरान हुई थी, जहां से उनके रिश्ते की शुरुआत हुई।
शादी की तैयारियां बिश्नोई के पैतृक गांव धोरीमना (बाड़मेर) में जोर-शोर से चल रही हैं। 27 मार्च से विवाह की रस्में शुरू हो चुकी हैं, जिनमें हल्दी, घी पिलाने और संगीत जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
कल है शादी
29 मार्च को बारात धोरीमना से जोधपुर के लिए रवाना होगी, जहां विवाह संपन्न होगा। इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर के लहरिया रिसोर्ट में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख नेता और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होने की संभावना है।
अंशिका वर्मा मूल रूप से प्रयागराज की निवासी हैं, जबकि बिश्नोई बाड़मेर के रहने वाले हैं। 25 मार्च को संभल में दोनों की सगाई हुई थी। इस विवाह को लेकर दोनों के शुभचिंतकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।