उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर 2025 को जनपद संभल के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा दल की टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिसकर्मियों ने चलाया अभियान
इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर बालिकाओं और महिलाओं को उनकी सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य था कि समाज में मौजूद महिलाओं और लड़कियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए और जो बच्चियां शिक्षा से वंचित हैं, उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।
इस दौरान हियावतनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की तीन बेटियों के बारे में जानकारी मिली, जिनमें से कोई भी स्कूल नहीं जा रही थी। सबसे बड़ी बेटी 11 वर्ष की है, जिसे घर के काम और छोटे भाई की देखभाल के लिए स्कूल नहीं भेजा जा रहा था। महिला पुलिस टीम ने परिवार से बातचीत की और उन्हें समझाया कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है।
कराया गया दाखिला
समझाने के बाद छोटी बेटियों मानसी और दीपांशी का दाखिला प्राइमरी स्कूल में करा दिया गया। बड़ी बेटी मनी की उम्र 11 वर्ष होने के कारण उसका दाखिला प्राइमरी स्कूल में नहीं हो सका, लेकिन उसका दाखिला कंपोजिट विद्यालय में कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह अभियान समाज के उन हिस्सों तक पहुंचने का प्रयास है, जहां अब भी बालिकाएं शिक्षा और अधिकारों से वंचित हैं। मिशन शक्ति के माध्यम से पुलिस विभाग उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश कर रहा है।