संभल में होली पर हाई अलर्ट: ड्रोन और सीसीटीवी से कड़ी निगरानी, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई

Share This

संभल में होली के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर कड़े इंतज़ाम कर दिए हैं। त्योहार के दौरान शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शहर के प्रमुख स्थानों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और खासकर जामा मस्जिद के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

जिले भर में पुलिस तैनात

स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी और आरआरएफ के जवानों को भी अलग-अलग प्वाइंट्स पर लगाया गया है। संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों के जरिए आसमान से नजर रखी जा रही है, जबकि शहर में स्थापित 224 सीसीटीवी कैमरे लगातार गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

जामा मस्जिद की ओर जाने वाले दो मार्गों पर अस्थायी रूप से बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की गई है। इन स्थानों पर पुलिसकर्मी और आरआरएफ के जवान तैनात हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है। एएसपी कुलदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और आवश्यक होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार पुलिस

इसके अलावा, त्योहार के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि होली का पर्व पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *