पंजाब इन दिनों भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। कई जिलों में घर डूब गए, सड़कें कट गईं और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि प्रशासन के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को राहत और बचाव कार्यों में जुटना पड़ रहा है। इसी बीच पंजाब पुलिस ने एक सराहनीय कदम उठाया है।
डीजीपी ने दी जानकारी
राज्य के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पंजाब के सभी आईपीएस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक दिन का वेतन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह योगदान चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों को सहयोग देने की एक छोटी-सी पहल है।

डीजीपी ने पोस्ट में लिखा कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस मुश्किल वक्त में पीड़ितों के साथ खड़ा रहना भी हमारी मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब पुलिस हर संभव मदद करेगी, ताकि प्रभावित परिवारों की पीड़ा को कम किया जा सके और वे फिर से अपनी जिंदगी पटरी पर ला सकें।
जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त
दरअसल, लगातार बारिश और नदियों के उफान से पंजाब के कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं और गांव-शहर दोनों जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच पंजाब पुलिस का यह निर्णय न सिर्फ राहत कार्यों को गति देगा बल्कि समाज को यह संदेश भी देगा कि संकट की घड़ी में सबको मिलकर साथ खड़ा होना है।