उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में उस समय पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया, जब एक कैदी पुलिस सुरक्षा के बीच से फरार हो गया। यह घटना अतर्रा कोतवाली क्षेत्र की है, जहां मंडल कारागार बांदा से एक आरोपी को अदालत में पेशी के लिए लाया गया था।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, आरोपी चुन्नू को चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। जनवरी 2026 में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था और चोरी का सामान बरामद होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। पेशी के दिन पुलिस की कड़ी निगरानी में उसे अदालत लाया गया, लेकिन यहीं सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आ गई।
अदालत में पेशी पूरी होने के बाद आरोपी ने पुलिसकर्मियों से बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। पुलिस ने उसे जाने दिया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब पुलिस को शक हुआ, तो उसकी तलाश शुरू की गई। आसपास के इलाके में खोजबीन की गई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।
अफसरों ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने तुरंत तीन टीमों का गठन कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसके साथ ही, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर किस लापरवाही के चलते आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।