प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने फर्जी आरपीएफ दारोगा बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कई महीनों से आरपीएफ की वर्दी पहनकर ट्रेनों में बिना टिकट सफर कर रहा था। पुलिस को शक होने पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने पूरा मामला कबूल कर लिया।
रेलवे स्टेशन से हुआ गिरफ्तार
गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के बरेसर थाना क्षेत्र के रेंगा गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार दिव्यांशु को प्रयागराज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से पकड़ा गया। वह आरपीएफ सब इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर स्टेशन परिसर और ट्रेनों में घूम रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर घरवालों का नौकरी को लेकर काफी दबाव था। लंबे समय से रोजगार न मिलने के कारण उसने यह रास्ता अपनाया। उसने आरपीएफ की वर्दी पहन ली ताकि परिवार को लगे कि उसे नौकरी मिल गई है और साथ ही ट्रेन में मुफ्त यात्रा भी की जा सके। आरोपी ने कबूल किया कि वह करीब तीन महीने से इसी तरह वर्दी पहनकर ट्रेनों में बिना टिकट सफर कर रहा था।
तलाशी में मिला ये सामान
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से आरपीएफ की वर्दी, उस पर लगे स्टार, बैज, मोनोग्राम, बेल्ट, नीली डोरी, लाल रंग के जूते और खाकी मोजे बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से 650 रुपये नकद, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी मिला है।
यह कार्रवाई आरपीएफ इंस्पेक्टर अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र कुमार और संयुक्त टीम ने की। फिलहाल आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाना प्रयागराज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।