शामली के झिंझाना थाना में शराब विनिष्टीकरण के दौरान धमाका, दो हेड कांस्टेबल समेत चार झुलसे

Share This

शामली के झिंझाना थाना परिसर में अवैध शराब के विनिष्टीकरण के दौरान हुए भीषण धमाके में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में दो हेड कांस्टेबल, एक चौकीदार और एक जेसीबी चालक घायल हुए हैं।

पुलिसकर्मी आग की चपेट में आए

शनिवार को न्यायालय के आदेश पर थाना परिसर में जमा अवैध शराब को नष्ट किया जा रहा था। थाना परिसर के पीछे गड्ढा खोदकर शराब दबाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और जोरदार धमाका हो गया। आग की लपटों ने मौके पर मौजूद हेड कांस्टेबल जॉनी और ललित को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे में चौकीदार नवाब और जेसीबी चालक सुनील भी घायल हुए। आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

चारों घायलों को झिंझाना के आयुष्मान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चौकीदार नवाब की हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

 लापरवाही की जांच शुरू

अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के अनुसार, आग ज्वलनशील पदार्थ के पास माचिस जलाने से भड़की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *