पुलिस मुख्यालय में पिपिंग सेरेमनी, डीजीपी ने पदोन्नत अधिकारियों को लगाया प्रतीक चिह्न

Share This

नव वर्ष के पहले दिन पुलिस मुख्यालय में गरिमामय माहौल के बीच पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने नव पदोन्नत पुलिस अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह लगाकर सम्मानित किया। इस समारोह में प्रदेश के 50 आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की गई, जिसे पुलिस विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इनको मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक से अपर पुलिस महानिदेशक के पद पर पदोन्नत हुए तरुण गाबा और प्रवीण कुमार को डीजीपी ने प्रतीक चिन्ह पहनाए। वहीं पुलिस उप महानिरीक्षक से पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए किरण एस, आनन्द सुरेश राव कुलकर्णी, अमित वर्मा, राजीव मल्होत्रा, डॉ. अखिलेश कुमार निगम और हेमराज मीना को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा संतोष कुमार मिश्रा को पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिलने पर उन्हें भी प्रतीक चिन्ह लगाया गया।

पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक अन्य समारोह में डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए वर्ष में पुलिस को और अधिक सक्रिय होकर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना होगा और अपराध से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी समाधान करना होगा।

डीजीपी ने कहा ये

डीजीपी राजीव कृष्ण ने अपने संदेश में कहा कि बीता वर्ष पुलिस बल के लिए कर्तव्य, संघर्ष और अनुशासन की कसौटी पर खरा उतरने वाला रहा है। पुलिस ने न केवल अपनी शक्ति दिखाई बल्कि संवेदनशीलता और आत्मसंयम का भी परिचय दिया। उन्होंने कहा कि वर्दी केवल पहचान नहीं बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है और पुलिस का हर निर्णय जनता के विश्वास को प्रभावित करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि अपराध की प्रकृति बदल रही है और अपराधी अब संगठित नेटवर्क के रूप में काम कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस को अपनी सोच, रणनीति और कार्यप्रणाली का नवीनीकरण करना होगा। डीजीपी ने विश्वास जताया कि नया वर्ष पुलिस बल के लिए उपलब्धियों, जनसेवा और जनता के साथ विश्वास के रिश्ते को और मजबूत करने वाला साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *