उन्नाव के शुक्लागंज क्षेत्र में रविवार रात एक जुलूस के दौरान उस समय हालात बिगड़ गए जब पुलिस ने बिना अनुमति निकाले जा रहे ‘I Love Muhammad’ जुलूस को रोकने की कोशिश की। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल होते-होते बचे। हालात इतने बेकाबू हो गए कि गंगाघाट कोतवाली के इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह की वर्दी के स्टार तक प्रदर्शनकारियों ने नोच डाले।
प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव
ये घटना उस समय हुई जब इंटरनेट मीडिया से प्रेरित होकर मुस्लिम समुदाय के कुछ युवाओं ने ‘I Love Muhammad’ के पोस्टर और बैनर लेकर शुक्लागंज में बिना अनुमति के जुलूस निकालना शुरू किया। पुलिस ने मनोहर नगर में भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन बहसबाजी और नोकझोंक के बाद स्थिति हिंसक हो गई। पुलिस के लाठी चलाने पर प्रदर्शनकारियों ने जवाब में पथराव शुरू कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई पुलिसकर्मी जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए।
फिर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
घटना के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और लगभग आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा और सीओ सफीपुर सोनम सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति के जुलूस निकालना कानूनन गलत है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।